नोहर के असरजाना गांव में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

असरजाना गांव ड्रग्स फैक्ट्री

नोहर, 20 जून। हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र के गांव असरजाना में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ, रसायन और ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशन में नोहर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खेत में बनी एक ढाणी पर दबिश दी। यहां अवैध रूप से एमडी ड्रग्स तैयार की जा रही थी। पुलिस ने मौके से 212 ग्राम अफीम, 5.36 ग्राम एमडी ड्रग्स सहित कई रसायन और उपकरण जब्त किए।

असरजाना गांव ड्रग्स फैक्ट्री में बरामद किए गए रसायन

पुलिस के अनुसार फैक्ट्री से निम्न रसायन बरामद हुए:

  • मिथाइल प्रोपियोफिनोन
  • बेंजीन
  • एसीटोन
  • हाइड्रोक्लोरिक एसिड
  • मिथाइलअमीन
  • एन-मेथाइल-2-पाइरोलिडोन (NMP)

चार आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

  • सुभाष विश्नोई (29), कालूपुरा, जालौर
  • सुनील कुमार राजपूत (28), जाखड़ावाली
  • रविन्द्र राजपूत (26), असरजाना
  • विजयपाल सिंह राजपूत (26), असरजाना

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रविन्द्र राजपूत ने खेत की ढाणी में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री स्थापित कर रखी थी।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक आरोपी सुभाष विश्नोई के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, डकैती, पॉक्सो और गंभीर मारपीट सहित पांच मामले दर्ज हैं। वहीं सुनील कुमार राजपूत के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट के तीन मामले दर्ज बताए गए हैं।

पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में शामिल पांच अन्य वांछित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

नोहर थाना प्रभारी अजय कुमार और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जबकि डीएसटी नोहर ने गोपनीय सूचना जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Read Also This – आज का ग्वार भाव 20 जून 2026: राजस्थान और हरियाणा मंडियों में ग्वार के ताजा रेट, जानें कहां मिला सबसे ऊंचा भाव

Scroll to Top