नोहर-भादरा में सिंचाई जल संकट: मुख्य अभियंता प्रदीप रस्तोगी ने पंजाब-हरियाणा के अधिकारियों से की उच्चस्तरीय वार्ता

Hanumangarh News

Hanumangarh News – नोहर-भादरा क्षेत्र में सिंचाई जल की गंभीर समस्या को लेकर राजस्थान जल संसाधन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग के मुख्य अभियंता प्रदीप रस्तोगी ने पंजाब और हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर राजस्थान के हिस्से का सिंचाई जल तत्काल उपलब्ध कराने की मांग उठाई। बैठक में भाखड़ा सिंचाई परियोजना से राजस्थान को मिलने वाले पानी की कमी, किसानों की बढ़ती परेशानी और आंदोलन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य अभियंता प्रदीप रस्तोगी ने अधिकारियों को बताया कि भाखड़ा सिंचाई परियोजना के कॉन्टैक्ट प्वाइंट-4 (CP-4) और कॉन्टैक्ट प्वाइंट-5 (CP-5) पर राजस्थान को निर्धारित हिस्से के अनुरूप पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हरियाणा सिंचाई विभाग द्वारा राजस्थान के हिस्से का पानी भी रोक दिया गया है, जिससे नोहर-भादरा क्षेत्र के हजारों किसान प्रभावित हो रहे हैं। पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण किसान पूरी तरह सिंचाई जल पर निर्भर हैं और पानी की कमी से फसलें संकट में हैं।

मुख्य अभियंता ने बताया कि 21 अप्रैल से लगातार निर्धारित मात्रा से कम पानी प्राप्त हो रहा है, जिससे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। किसानों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर आंदोलन भी किए जा रहे हैं। ऐसे में विभाग ने इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा।

राजस्थान की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समाधान का आश्वासन Hanumangarh News

बैठक के दौरान भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के अधिकारियों ने राजस्थान की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया। बीबीएमबी के निदेशक (रेगुलेशन) रवि शंकर मित्तल ने कहा कि भाखड़ा मेन लाइन (BML) नहर में जल प्रवाह के उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए तीनों राज्यों—राजस्थान, पंजाब और हरियाणा—के बीच पानी का अनुपातिक वितरण (Proportional Distribution) सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।

इसके अलावा हरियाणा सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता एम.एल. राणा से भी दूरभाष पर बातचीत की गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजस्थान के हिस्से का पानी जल्द ही पूर्ण मात्रा में नहरों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, बीबीएमबी के चेयरमैन से भी दूरभाष पर चर्चा कर राजस्थान की समस्या से अवगत कराया गया, जिस पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पंजाब दौरे के दौरान भादरा के अधिशासी अभियंता तिलोक चंद, नोहर की अधिशासी अभियंता प्रियंका चौधरी, रेगुलेशन हनुमानगढ़ के अधिशासी अभियंता सुनील काजला, सहायक अभियंता गौरव अग्रवाल तथा अन्य अधिकारियों ने भी किसानों की समस्याओं और सिंचाई जल की तत्काल आवश्यकता को प्रमुखता से रखा।

नोहर-भादरा क्षेत्र के किसानों को अब उम्मीद है कि राजस्थान सरकार, जल संसाधन विभाग और बीबीएमबी के समन्वित प्रयासों से जल्द ही नहरों में पर्याप्त पानी छोड़ा जाएगा, जिससे खरीफ फसलों की सिंचाई सुचारु रूप से हो सकेगी और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

Read Also This- Rajasthan Weather Update: अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट, जुलाई के पहले सप्ताह में सक्रिय होगा मानसून

Scroll to Top