राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की प्रेस विज्ञप्ति
नई दिल्ली | 16 जून 2026
भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई को लेकर एनटीए का बयान
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म के संबंध में आज जारी निर्देशों का स्वागत किया है। एनटीए की सिफारिशों पर जारी ये निर्देश सीमित अवधि और निर्धारित दायरे के हैं।
(क) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत एक निर्देश जारी किया गया है, जिसके अनुसार भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म की पहुंच 22 जून 2026 तक एक निर्धारित और सीमित अवधि के लिए प्रतिबंधित रहेगी। यह अवधि नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के दिन और उसके तुरंत बाद तक लागू रहेगी।
भारत में टेलीग्राम पर लगी रोक
(ख) एक अन्य निर्देश के तहत टेलीग्राम को भारत में पहले से पोस्ट किए गए संदेशों के संपादन (मैसेज एडिटिंग) फीचर को 30 जून 2026 तक निर्धारित अवधि के लिए निष्क्रिय करना होगा। यह कदम उस तकनीकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, जिसका उपयोग राष्ट्रीय परीक्षाओं से संबंधित कथित फर्जी “पेपर लीक” साक्ष्य तैयार करने के लिए किया जा रहा था।
एनटीए ने कहा कि ये दोनों कदम सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और उन संगठित गिरोहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाए गए हैं, जो नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को धोखा देने के लिए टेलीग्राम प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर रहे थे।
भारत में टेलीग्राम पर लगी रोक
एनटीए ने इस समयबद्ध कार्रवाई के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) का आभार व्यक्त किया है। एजेंसी का कहना है कि यह कदम 21 जून 2026 को सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा आयोजित करने में सहायक होगा।
2. इस कार्रवाई से पहले की अवधि में, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C), जो गृह मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करता है, ने नीट (यूजी) 2026 अभ्यर्थियों को निशाना बनाने वाली टेलीग्राम आधारित धोखाधड़ी और भ्रामक सूचनाओं के खिलाफ समन्वयक एजेंसी के रूप में कार्य किया।
एनटीए, बिहार, गुजरात और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों तथा सार्वजनिक चैनलों और प्लेटफॉर्मों की निगरानी से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर, I4C ने टेलीग्राम के कई चैनलों, समूहों और बॉट्स को हटाने की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की।



